बलरामपुर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० मुकेश कुमार रस्तोगी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 1308 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें से 139 महिलाओं को एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) श्रेणी में चिन्हित कर विशेष परामर्श,दवाएं और आवश्यक परीक्षण उपलब्ध कराए गए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था का भी जायजा लिया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराना और प्रसव संबंधी जटिलताओं से बचाव करना है।
डॉ. रस्तोगी ने अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश को चिकित्सालय भवन एवं परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था को और दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, डीएमओ राजेश पाण्डेय, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

