गुलाम जीलानी बेग
सादुल्लानगर,बलरामपुर।जनपद स्तरीय समग्र शिक्षा एक्सपोजर विजिट टूर के अंतर्गत 14 मार्च 2026 को कंपोजिट विद्यालय बसावन बनकट के छात्र-छात्राओं को ऐतिहासिक जनपद श्रावस्ती के भ्रमण पर ले जाया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण को क्षेत्रीय विधायक कैलाश नाथ शुक्ल,खंड शिक्षा अधिकारी नगर तथा विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में रवाना किया गया।
भ्रमण के दौरान कंपोजिट विद्यालय बसावन बनकट के शिक्षक सतीश सिंह के नेतृत्व में बच्चों ने श्रावस्ती के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने ओराझार, अंगुलिमाल गुफा, सहेट-महेट तथा बोधि आनंद मंदिर के दर्शन किए और इन स्थलों के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की। ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखने और उनके बारे में जानने का अवसर मिलने से बच्चे काफी उत्साहित और आनंदित दिखाई दिए।
इस भ्रमण में पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित विद्यालयों सहित जनपद के विभिन्न कंपोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन निरंकार पांडे, अरुण तथा मेहमुदुल हक के नेतृत्व में किया गया, जबकि अन्य विद्यालयों के शिक्षकों ने भी सहयोग प्रदान किया।
भ्रमण रैली को सफल बनाने में सतीश कुमार सिंह, अंकुर दीक्षित, प्रासु गोयल, मदन चंद, कैशराम, विमलेश सहित अन्य शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को इतिहास और संस्कृति के बारे में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है।

