गोण्डा।एंटी करप्शन टीम के छापे से जिले में हड़कंप मच गया। जिले के विकास भवन में दबे पांव पहुंची टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर दो वरिष्ठ बाबुओं को उठाकर अपने साथ ले गई। टीम के इस कार्यवाही से जहां चर्चाओं का दौर गर्म हो गया तो वहीं अन्य विभागों के कर्मी सहमे नजर आए।
बुधवार को जिले के विकास भवन में उस समय अफरातफरी का माहौल खड़ा हो गया। जब एंटी करप्शन की टीम ने अचानक विकास भवन की बिल्डिंग में पहुंच समाज कल्याण विभाग में तैनात वरिष्ठ लिपिक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से वरिष्ठ लिपिक को पूछताछ के लिए साथ ले गई। टीम की इस कार्यवाही को देख अन्य विभागों के कर्मचारी भी सहमे नजर आए। वहीं पूरे विकास भवन में अफरातफरी का माहौल रहा। एंटी करप्शन टीम के ताबड़तोड़ हुई इस छापेमारी से संकेत मिलते है कि जिले में भ्रष्टाचार के मामले को देखते हुए एजेंसिया सख्त रुख अपनाए हुए है। एक दिन पहले भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात बाबू को हिरासत में लिया था। उन पर फर्नीचर खरीद में कमीशन मांगने के गंभीर आरोप दर्ज है। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्यवाही से अन्य विभागों में खलबली मची हुई है। टीम की इस कार्यवाही को देख दबी-दबी जुबान से लोग और भी कई खुलासे की आशंका जता रहे है।फिलहाल इस संबंध में विभाग के किसी अधिकारी का अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

