गोंडा।शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अतुल कुमार तिवारी ने गुरुवार को अपने कार्यालय में पहुंचने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं की सराहना की। इस मौके पर बीएसए ने कहा कि “शिक्षक समाज के निर्माता हैं। इनकी बदौलत ही बच्चों का भविष्य संवरता है और शिक्षा व्यवस्था मजबूत होती है। शिक्षकों के नवाचार, अनुशासन और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास हमेशा प्रेरक है।”
बीएसए ने कहा कि सम्मान समारोह पूर्व निर्धारित नहीं था। जैसे-जैसे शिक्षक उनके कार्यालय पहुंचे, वैसे-वैसे उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान नवाबगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय महेशपुर की शिक्षिका कल्पना तिवारी, मनकापुर शिक्षा क्षेत्र के विद्यालय बक्सरा आज्ञाराम के शिक्षक बलजीत सिंह कनौजिया, नगवा विद्यालय के शिक्षक भीमदेव मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नवाचार,अनुशासन,बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर प्रबंधन करने वाले शिक्षक समाज में आदर्श की भूमिका निभाते हैं। ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना पूरे शिक्षा परिवार का मनोबल बढ़ाने का कार्य है।
बीएसए श्री तिवारी ने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों को संस्कारवान बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी भूमिका को और अधिक सार्थक बनाएं।

