तरबगंज।नगर पंचायत में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर जल भराव से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इससे मरीजों और आने-जाने वालों को काफी परेशानी हो रही है।
स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर नवनीत गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अस्पताल में जल भराव का कारण नगर पंचायत तरबगंज में लोगों के घरों के जल निकासी के लिए बनाए गए नाले का टूटना है। इसी वजह से अस्पताल के मुख्य गेट और प्रांगण में पानी भर गया है।
जिला प्रशासन एक ओर संक्रामक रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य केंद्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जागरूकता अभियान चला रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। इन सबके बावजूद अस्पताल प्रांगण खुद ही संक्रमित रोगों का केंद्र बनता नजर आ रहा है।
नगर पंचायत के अधिकारियों का कहना है कि नाला टूट गया है, जिससे जल भराव हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। फिलहाल स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट पर लोगों के घरों के जल निकासी का गंदा पानी भरा हुआ है। इससे न केवल लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

