उमरी बेगमगंज,गोंडा।जनपद गोंडा के विकासखंड बेलसर के अंतर्गत ग्राम सभा पूरेडाल पूरे मिर्जा में लंबे समय से जल निकासी की समस्या गंभीर रूप धारण कर चुकी है। हाल ही में हुई बारिश के बाद गांव के लगभग 15 घरों का आवागमन जलभराव के कारण पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर उप जिला अधिकारी (एसडीएम) तरबगंज राजीव मोहन सक्सेना से शिकायत की है।गांव निवासी शिव कुमार पुत्र कालिका ने बताया कि बीते 50 वर्षों से गांव की नाली एक तय रास्ते से होकर जलमग्न क्षेत्र तक जाती थी, जिससे वर्षा का पानी आसानी से निकल जाता था। लेकिन अब राजू यादव नामक व्यक्ति द्वारा उक्त नाली को बंद कर दिया गया है और उसी स्थान पर एक कंपोस्ट गड्ढा भी बना लिया गया है, जिससे जल निकासी बाधित हो गई है।
इसके कारण बारिश का पानी घरों में घुसने की स्थिति उत्पन्न हो गई है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने आश्वासन दिया कि मौके पर राजस्व टीम भेजकर स्थलीय जांच कराई जाएगी और जल निकासी के मार्ग को पुनः खुलवाकर नाली निर्माण कराया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी समस्या से राहत मिल सके।इस दौरान जगदंबा प्रसाद, रामफल, राम प्रताप, मनीष, भैरव प्रसाद समेत दर्जनों ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मदद की अपील की है और स्थायी समाधान की मांग की है।

