हत्या के बाद से ही छावनी में तब्दील रहा परसपुर का राजाटोला
मुश्ताक अहमद
गोण्डा।नगर पंचायत परसपुर का राजाटोला में शुक्रवार दोपहर बाद चीत्कार मच गया। सपा से सभासद प्रत्याशी रहे ओम प्रकाश सिंह 42 को चुनावी रंजिश के चलते दबंगों ने जानलेवा हमला कर हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गये। दिन दहाड़े हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रहा है। परिजनों ने आनन-फानन में गम्भीर अवस्था में घायल को मेडिकल कॉलेज गोंडा लेकर गये। चिकित्सकों घायल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस घटना से लोगों में आक्रोश व तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। घटना के बाद राजाटोला पुलिस छावनी बन गया।
एसपी व एएसपी ने देर शाम पहुंचे राजा टोला
शुक्रवार देर शाम पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल राजा टोला पहुँचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। मातहतों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। परिजनों ने हत्यारों के गिरफ्तारी की मांग की।
अश्कों से नहाई बूढ़ी मां,बेटे,बेटियां व पत्नी
शुक्रवार की दोपहर को ओम प्रकाश सिंह अपने बरामदे में लेटे थे, गांव के ही पिता पुत्र समेत पाँच लोगों ने पहुँचकर धारदार हथियार से ओमप्रकाश सिंह पर प्राणघातक हमला बोल दिया। परिजन घायलावस्था में ओमप्रकाश को मेडिकल कॉलेज ले गये। जहाँ चिकित्सकों घायल ओमप्रकाश सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृत्यु की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई । मृतक ओमप्रकाश सिंह के दरवाजे पर इलाकाई लोगों की भीड़ जुट गई। एहितयात के तौर पर गांव में पुलिस का पहरा बैठा दिया गया। वहीं फोरेंसिक टीम पहुँचकर घटना का साक्ष्य संकलन किया। परिवार में प्रीति तेरह वर्ष, पल्लवी दस वर्ष, आदर्श सात वर्ष, विष्णु तीन वर्ष समेत दो बेटा व दो बेटियां व पत्नी नीलम व बृद्ध माँ की आंखों से रोते-रोते अश्क सूख गए।
दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार
मृतक की पत्नी नीलम सिंह द्वारा दर्ज करायी गई रिपोर्ट में ने आरोप लगाई है कि विपक्षी उदयभान सिंह से उसके पति की चुनावी रंजिश थी। विपक्षी कई बार उसके पति व परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। शुक्रवार को दोपहर में विपक्षी उदयभान सिंह अपने तीन बेटे व अज्ञात एक व्यक्ति के साथ हाथ में बांका,गड़ासा व अन्य घातक हथियार लेकर उसके घर चढ़ आये।उसके पति बरामदे में लेटे थे।पति को सभी लोग ललकारते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। उसकी दो बेटियां हल्ला गुहार करते हुए बचाव को दौड़ी,तब तक विपक्षी उसके पति को मरणासन्न करके लड़कियों को गालियां देते हुए भाग गये।
पिता व उसके तीन बेटे व एक अज्ञात पर एफआईआर दर्ज
थानाध्यक्ष परसपुर दिनेश सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी नीलम सिंह के तहरीर पर देर एक अज्ञात समेत चार नामजद लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी उदय भान सिंह उर्फ लल्लन सिंह,धर्मवीर सिंह उर्फ चंदन,बलबीर सिंह उर्फ नंदन सिंह,सूरज सिंह व एक व्यक्ति अज्ञात के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज है।
आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों ने परसपुर चौराहे पर लाश रखकर किया प्रदर्शन
परिजनों के साथ आक्रोशित ग्रामीणों व पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने परसपुर मुख्य चौराहे पर शव रखकर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गये। प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया।

