गोण्डा।छपिया थाना क्षेत्र के करनपुर गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज के पीछे बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। मृतक की पहचान करनपुर गांव निवासी प्रदीप चौधरी के रूप में हुई है। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
छपिया पुलिस के मुताबिक बुधवार की सुबह सूचना मिली कि करनपुर गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज के पीछे किसी अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों को बुलाया।इसी बीच करनपुर गांव के संदीप चौधरी ने मौके पर पहुंच कर मृतक की पहचान अपने भाई प्रदीप के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इस मामले में संदीप ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष छपिया के०सी० राय का कहना है कि परिजनों के मुताबिक मृतक नशे का आदी था। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मृतक की मौत का कारण पता चलेगा।

