कर्नलगंज,गोण्डा।शिक्षा क्षेत्र हलधरमऊ अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बालपुर प्रथम के उत्तरी ओर बेशकीमती भूमि पर दबंग लोग अपनी दबंगई के बल पर दीवाल बनाकर साल भर पहले ही कब्जा कर लिए हैं।शिक्षा विभाग अवैध कब्जे को नहीं हटवा सका। नियत स्थान से पीछे हटकर नए स्थान पर चारदीवारी बनाकर विभागीय अधिकारी व शिक्षक दबंगों को संरक्षण दे रहे हैं। दबंगों द्वारा कब्जा की गई विद्यालय की भूमि को शिक्षा विभाग ने सुरक्षा मुहैया करा दिया है। इससे शिक्षा विभाग के अधिकारियों व स्कूल के शिक्षकों की दबंगों से मिलीभगत साबित हो रही है।

हलधरमऊ शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय बालपुर प्रथम की उत्तरी दिशा की बेशकीमती भूमि पर दबंगों द्वारा अपनी दबंगई से साल भर पहले अवैध कब्जा जमा लिया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक प्रधान प्रतिनिधि धर्मपाल सिंह व तत्कालीन पंचायत सचिव रवि नन्दन सिंह ने साल भर पहले चारदीवारी बनवाने के लिए जो नींव भराई गई थी। उसी नींव पर दबंगों ने अपनी दीवाल बनाकर विद्यालय की भूमि पर कब्जा जमा लिया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय की बेशकीमती भूमि पर दबंग बीते कई सालों से अपनी आंखें गड़ाए थे। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से स्कूल की भूमि कब्जा कर ली गई और इसकी शिकायत भी कहीं नहीं की गई। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों की भूमिका इस मामले में सन्देह के घेरे में है। बताया जाता है कि इस भूमि पर कब्जा जमाने को लेकर एक पक्ष न्यायालय के शरण में जा चुका है। जिलाधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी पार्टी बनाया गया है। गाटा संख्या 168 जो 32 बीघे है और 62 हिस्सेदार बताए जा रहे है। इन्हीं में से एक पक्ष अपनी दबंगई के बल पर विद्यालय की भूमि पर दीवाल निर्माण कर अवैध कब्जा जमा लिया है। प्रधानाध्यापिका सरोज यादव ने बताया कि इस भूमि का मामला न्यायालय में चल रहा है। न्यायालय से जब इसका निस्तारण होगा। उसके बाद नवनिर्मित चारदीवारी तोड़कर अवैध कब्जा की गई भूमि पर नई चारदीवारी बना दी जायेगी। इस समय किसी प्रकार के विवाद में न पड़ना पड़े इसलिए नियत स्थल को छोड़कर चारदीवारी का निर्माण करा लिया गया है। प्रधान प्रतिनिधि धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस बारे में अभी तक उनको कोई जानकारी नहीं है। वह इसकी जानकारी लेकर ही कुछ बता सकते हैं। इस संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी हलधरमऊ रियाज अहमद का कहना है कि मौके का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट की जायेगी।

