गोण्डा।जिले की कोतवाली कर्नलगंज कस्बे में सोमवार की रात में बदमाशों ने असलहे के बल पर सर्राफा व्यवसाई को लूट लिया था। लूट की घटना से कस्बे के सर्राफा व्यवसाई सहम गये, घटना की कई घंटे बाद पुलिस को सूचना दी। कस्बे के सर्राफा व्यवसाई विश्वनाथ शाह ने पुलिस को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि सोमवार रात्रि दस बजे बदमाशों ने असलहा लगाकर दुकान से 10 किलो चांदी,600 ग्राम सोना और 1,80,000 रुपये नकद लूट लिए। सूचना पर एएसपी, सीओ और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज का रिकार्ड अपने साथ ले गई। सर्राफा व्यापारी की दूकान से बेखौफ बदमाशों द्वारा की गई लाखों की लूट से कस्बे के अन्य व्यवसाईयों में भी दहशत व्याप्त है।
कर्नलगंज कस्बे के गुड़ाही बाजार में विश्वनाथ की सर्राफे की दुकान है। सोमवार को देर शाम अपनी दुकान पर बैठकर हिसाब-किताब कर रहा था। बाइक पर सवार दो लोग हेलमेट लगाए वहां पहुंचे और असलहे के बल पर सोने व चांदी के जेवर व नगदी लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद व्यापारी विक्षिप्त हो गया। घटना के लगभग 20 घंटे बाद उसने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पूरे घटना क्रम की सीसीटीवी फुटेज दुकान में लगे कैमरे में कैद है। सूत्रों के मुताबिक करीब 50 लाख रुपये से अधिक के जेवरात लूटे गए हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। और सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम, क्षेत्रधिकारी चंद्रपाल शर्मा व प्रभारी निरीक्षक भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गहनता से जांच पड़ताल शुरू की।
खुलासे के लिए 5 टीमें लगाई गई है
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सोने चांदी के आभूषण व 1,80,000 रुपये नकद की लूट की जानकारी पीड़ित द्वारा घटना के एक दिन बाद दी गई। देर से जानकारी देने का कारण पूछा गया तो वह उसका कोई समुचित जवाब नहीं दे पाया। एसपी ने बताया कि लूट की घटना की हर पहलुओं पर जांच की जा रही है और घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं।

