गोंडा।कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सर्वांगपुर के पैदामीपुरवा में बंगाली बाबा के मजार की भूमि पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में ईंट पत्थर के साथ फायरिंग भी हुई । घटना मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे की है । सर्वांगपुर गांव के पैदामीपुरवा में बंगाली बाबा के मजार की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद फायरिंग शुरू हो गई। दोनों मुस्लिम पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाया गया और गांव में पुलिस बल तैनात है।
गांव के प्रधान उमापति त्रिपाठी के मुताबिक़ पैदामीपुरवा में बंगाली बाबा की मजार है। मजार की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर मुस्तकीम व सुभान अली के बीच आपसी विवाद काफी दिनों से चला आ रहा है। मंगलवार को यह विवाद गहरा गया। दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं के बीच पथराव शुरू हो गया। इसी बीच मुस्तकीम के पक्ष से उपद्रवियों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने से गांव में अफरातफरी मच गई। लोग दहशत में आ गये। प्रधान के अनुसार सूचना पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हंगामा रुका। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लाई। कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया की सूचना मिली है, घटना स्थल पर ही हैं। मजार की भूमि पर दोनों पक्ष अपना दावा कर रहे थे। दोनों को थाने लाया गया है। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायरिंग की घटना की जांच की जा रही हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।

