कर्नलगंज,गोंडा।जिले के प्रतिभाशाली युवा आशुतोष कुमार मिश्रा ने झारखंड हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथी रैंक हासिल कर गोंडा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।यह परिणाम बीते दिन घोषित हुआ,जिसने न केवल आशुतोष के परिवार,बल्कि पूरे जिले को गर्व का अवसर प्रदान किया।
आशुतोष के पिता श्री जवाहर लाल मिश्रा जो पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी (Ex-CMO) रह चुके हैं,आर्य नगर में आशुतोष क्लीनिक संचालित करते हैं,जहां वे कम शुल्क में लोगों का इलाज करते हैं।आशुतोष के परिवार में शिक्षा और समर्पण की गहरी जड़ें हैं। उनकी बड़ी बहन मीनाक्षी मिश्रा एक MBBS डॉक्टर हैं, छोटी बहन इंजीनियर हैं,और छोटा भाई असिस्टेंट कमिश्नर (EPF) के पद पर कार्यरत हैं।परिवार का माहौल शुरू से ही पढ़ाई-लिखाई और अनुशासन से परिपूर्ण रहा है।
आशुतोष के पिता भगवान शंकर के परम भक्त हैं,जिसके चलते उन्होंने अपने बड़े बेटे का नाम आशुतोष रखा।आशुतोष की प्रारंभिक शिक्षा गोंडा के प्रतिष्ठित फातिमा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई।इसके बाद उन्होंने IIT धनबाद से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।हालांकि इंजीनियरिंग में रुचि न होने के कारण उन्होंने दिल्ली से LLB और LLM की पढ़ाई पूरी की। अपनी कड़ी मेहनत और लगन से वे सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड (AOR) बने और अब झारखंड हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की।
आशुतोष की इस उपलब्धि पर उनके मित्र अभिषेक दूबे, अतुल द्विवेदी और अभय श्रीवास्तव ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।आशुतोष की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार,बल्कि गोंडा के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
गोंडा जिला आज आशुतोष कुमार मिश्रा की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

