उतरौला,बलरामपुर।उतरौला नगर में स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार के दांयी तरफ खाली पड़े भूमि पर नगर पालिका परिषद द्वारा सेल्फी प्वाइंट निर्माण के विरोध में छात्राओं ने प्रदर्शन किया।

छात्राओं का कहना है कि वह इस स्थान पर अपनी साइकिल खड़ी करती हैं।सेल्फी प्वाइंट बन जाने के बाद यहां पर सेल्फी लेने के लिए दिन भर शोहदों की भीड़ रहेगी और छात्राओं को साइकिल खड़ी करने के लिए कोई स्थान शेष नहीं बचेगा। हालांकि सेल्फी पॉइंट निर्माण के शुरुआत में ही विद्यालय की शिक्षिकाओं ने यहां पर सेल्फी प्वाइंट न बनाए जाने को लेकर विधायक उतरौला, जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद व जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखा था। सेल्फी प्वाइंट के निर्माण कार्य पर कोई कार्रवाई न होता देख सोमवार को विद्यालय की छात्राओं ने सेल्फी पॉइंट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
छात्राओं के साथ विद्यालय की शिक्षाओं ने भी सेल्फी प्वाइंट निर्माण पर आपत्ति दर्ज कराई है। छात्राओं और शिक्षिकाओं का कहना है कि सेल्फी प्वाइंट के निर्माण हो जाने से बालिकाओं को अपनी साथकिल खड़ी करने में समस्या उत्पन्न होगी। विद्यालय के मुख्य द्वार पर होने वाली संभावित भीड से असुविधा भी होगी। अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने कहा है कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से वार्ता कर कोई निर्णय लिया जाएगा

