बगहा।बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड पटना के अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के प्रखंड बगहा दो के नारायणपुर घाट स्थित श्रीराम संस्कृत प्राथमिक सह मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बगहा विधायक राम सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष अनचित कुमार लल्ला भी मौजूद रहे।
विद्यालय परिवार ने तीनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र से स्वागत किया। अध्यक्ष झा ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति,छात्र संख्या और पाठ्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।साथ ही पुस्तकालय,कक्षा-कक्ष,शौचालय और पेयजल सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। अध्यक्ष ने शिक्षकों को पारंपरिक और आधुनिक तरीके से संस्कृत पढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृत सिर्फ सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नैतिकता की आधारशिला है। शिक्षकों को विद्यार्थियों को संस्कृत श्लोक, उपनिषद और गीता से परिचित कराने को कहा। प्रधानाध्यापक ने विद्यालय की समस्याओं और संसाधनों की कमी का ज्ञापन सौंपा। विधायक राम सिंह ने विद्यालय भवन मरम्मत और कक्षा विस्तार में सहयोग का आश्वासन दिया। भाजपा जिला महामंत्री सिप्पू चौबे एवं जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि रितु जायसवाल ने नैतिक शिक्षा पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने छात्रों से संवाद किया। छात्रों ने संस्कृत श्लोक और भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र शामिल हुए।

