पश्चिमी चंपारण। जिला के बगहा नगर क्षेत्र में आगामी जन्माष्टमी एवं चेहल्लुम पर्व को स्वच्छ वातावरण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने की। बैठक में बगहा एसडीपीओ कुमार देवेंद्र, बीडीओ प्रदीप कुमार, नगर उपसभापति रश्मि रंजन, वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। बैठक में दोनों पर्वों को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने सर्वप्रथम बैठक में पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी और चेहल्लुम पर्व हमारे समाज की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता के प्रतीक हैं, जिन्हें आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। वहीं इस बैठक में एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पूरी चौकसी बरती जाएगी। इसके लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस गश्ती दल सक्रिय रहेंगे तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। एसडीपीओ ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आम जनता का सहयोग प्रशासन के प्रयासों को सफल बनाएगा। बैठक में उपस्थित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि पर्व के दौरान नगर में सौहार्द और भाईचारा बनाए रखा जाएगा, अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा, और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाएगी। बैठक के अंत में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने सभी का धन्यवाद देते हुए भरोसा जताया कि नगरवासियों के सहयोग से दोनों पर्व शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि आपसी समझ और सहयोग ही सामाजिक एकता की असली पहचान है। इस अवसर पर राकेश सिंह, मुन्ना सिंह, सतीश वर्मा,मनोज सिंह ,राहुल सिंह,मदन यादव ,रविरंजन उर्फ लालाबाबू यादव , निजामुद्दीन अंसारी, विनोद कुशवाहा , इजहार सिद्दीकी संजय यादव, अनिल सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग एवं पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।

