उतरौला,बलरामपुर।डायरिया रोको अभियान का शुभारंभ मंगलवार को विधायक राम प्रताप वर्मा ने सीएचसी पर फीता काट कर किया। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर चंद्र प्रकाश ने बच्चों में हो रहे डायरिया के प्रकार,लक्षण एवं इससे बचाव के बारे में विस्तार से बताया। बताया कि गर्मी व बरसात के मौसम में डायरिया की बीमारी बच्चों को परेशान करती है। इस बीमारी पर प्रभावी लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग डायरिया रोको अभियान चला रहा है।
यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक चलेगा जिसके तहत शून्य से पांच साल तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शून्य से पांच साल तक के बच्चों को डायरिया की स्थिति में ओआरएस और जिंक की उपयोगिता के बारे में बताया। कहा कि बच्चे को दिन में तीन या तीन से अधिक बार दस्त हो तो समझना चाहिए कि बच्चा डायरिया से ग्रसित है और ऐसे में उसको तत्काल ओआरएस का घोल देना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न होने पाए। इस दौरान डाक्टर योगेन्द्र कुमार, अशुतोष उपाध्याय, नगर भाजपा अध्यक्ष फणींद्र कुमार समेत एएनएम, आशा व चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।

