गोंडा। जिले के इटियाथोक क्षेत्र के एक गाँव में झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से हजारों का सामान जल गया और भैंस की दो पड़िया भी झुलस गई। राजस्व कर्मियों ने मौका स्थल पर पहुंचकर जानकारी ली है।
मिली जानकारी के मुताबिक इटियाथोक थाना क्षेत्र के परसिया गूदर गांव निवासी राजेश प्रसाद पाण्डेय का गांव के बाहर घर है। घर के बाहर वह झोपड़ी डालकर अपने मवेशियों को बांधते थे। सोमवार की देर शाम को अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। आग लगने के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए और आग को बुझाने का भरसक प्रयास किया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक में तब्दील हो गई। आग से हजारों का सामान जल गया,जिसमें भैंस की दो पड़िया भी गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की जानकारी पर हल्का लेखपाल अजय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गृहस्वामी ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे मवेशी का उपचार कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

