गोंडा।अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने सोमवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों के रहने और साफ सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। जेल चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान सचिव ने वहाँ इलाज करा रहे बंदियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अपर जिला जज ने जिला कारागार में पाकशाला में बंदियों के लिए तैयार किये जा रहे भोजन की गुणवत्ता परखी। सचिव ने निरीक्षण के दौरान बंदियों के भोजन और स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया। बंदियों को कानूनी जानकारी देने के लिए विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें बंदियों को विधिक जानकारी दी गई। इस दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम द्वारा जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके मुकदमों में की जा रही पैरवी से भी अवगत कराया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अपूर्व व्रत पाठक, जेलर शिव प्रताप मिश्रा, डिप्टी एलएडीसी अनिमेष चतुर्वेदी, असिस्टेंट एलएडीसी बृजलाल तिवारी व प्रभात श्रीवास्तव मौजूद रहे।

