रियाजुद्दीन
नवाबगंज,गोंडा।राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने शनिवार को नवाबगंज के राजकीय नेहरू पार्क में दो दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान खेती में अच्छा प्रदर्शन करने वाले किसानों को अतिथियो द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ सत्येंद्र तथा जिला उद्यान अधिकारी डॉ रश्मि शर्मा ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर उच्च कोटि की खेती करने का किसानों से आहवान किया। पूर्व वैज्ञानिक डॉ मिथिलेश पांडेय ने फल एवं सब्जी के मानव जीवन में आवश्यकता एवं उसके उत्पाद की विधि के बारे में जानकारी दी। कृषि विज्ञान केन्द्र मनकापुर के वैज्ञानिक डॉ मनोज सिंह ने किसानों को बागवानी एवं नर्सरी प्रबंधन खेती के बारे मे अपने विचार साझा किया । जिला उद्यान अधिकारी डॉ रश्मि शर्मा ने किसानों को बागवानी फसलों की तैयारी, रोगों से बचाव व अधिक उत्पादन के साथ कृषि योजनाओ के बारे मे विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर क्षेत्र के सात किसानों को उत्कृष्ट खेती करने के लिए मुख्य अतिथि ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम मे भाजपा नेता जनार्दन तिवारी, विधायक प्रतिनिधि वेद प्रकाश दूबे, जितेन्द्र सिंह, गिरीश कुमार मिश्रा, विनोद सिंह, बजरंगी सहित तमाम किसान मौजूद रहे।

