मुश्ताक अहमद
गोंडा।सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोंडा जिले के अरगा-पार्वती झील पहुंचे और कहा कि रविवार का दिन जनपद के लिए महत्वपूर्ण है। अरगा-पार्वती प्राकृतिक झील है। और इसका बड़ा क्षेत्रफल है। पहली बार मुझे यहां आने का मौका मिला है। ये झील देश की प्राकृतिक विरासत का प्रतीक है। सीएम ने पार्वती अरगा-झील का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन के लिए देश के पीएम नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वेटलैंड मानव जीवन के लिए बहुत ही आवश्यक है। यह बात सीएम पार्वती-अरगा पक्षी विहार में विश्व आर्द्र भूमि दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा-
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धरती हमारी मां है। हम सब इसके बेटे हैं। बेटे का दायित्व बनता है कि मां की रक्षा करें इसलिए वेटलैंड को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ ही स्वच्छ रखने की भी जिम्मेदारी हमारी है। सीएम ने कहा कि वेटलैंड को बचाने के लिए ईरान के रामसर स्थान पर 1971 में बैठक हुई थी।
10 साल में 66 नई साइटें चिह्नित की गई है।

इसके बाद वेटलैंड को चिह्नित करके अंतर राष्ट्रीय रामसर साइट पर सर्च करने के साथ ही सुरक्षा व संरक्षण शुरू किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के 65 वर्षों में देश में सिर्फ 23 रामसर साइट थी। पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के दस वर्षों में 66 नई साइटें चिह्नित कराई हैं। अब देश में रामसर साइट पर दर्ज वेटलैंड की संख्या 89 हो चुकी है। इसमें 10 उत्तर प्रदेश में हैं।
रामनगरी में बढ़ी पर्यटकों की संख्या
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस स्थल का विकास टूरिज्म की दृष्टि से होना जरूरी है। यहां प्रत्येक वर्ष विदेश से भी प्रवासी पक्षी अपनी संस्कृति लेकर आते हैं। सीएम ने कहा कि अयोध्या धाम में थोड़ी सी सुविधाएं बढ़ाई गईं हैं और विकास भी हुआ है। इससे पर्यटकों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है।
मिल रहा है लोगों को रोजगार
वर्ष 2016 में दो लाख 35 हजार पर्यटक अयोध्या में आए थे और 2024 में इनकी संख्या 16 करोड़ 11 लाख हो गई है। पर्यटकों के आने से गाइड, रेस्त्रां, टैक्सी, होम स्टे, टेंट सिटी, फूल पत्ती व्यवसाय से जुड़े क्षेत्र में काफी संख्या में रोजगार सृजित हुआ है। सीएम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बनाए उत्पादों की बिक्री अमेजन एप के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करने के लिए पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पीएम मोदी के लोकल फार वोकल मुहिम को साकार करेगा।
वन ट्रिलियन इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करेगा उत्तर प्रदेश।
सीएम ने कहा कि पहले लोग चीन या अन्य देशों के उत्पाद खरीदकर उपहार में देते थे लेकिन अब ओडीओपी के उत्पाद उपहार में देते हैं। आत्मनिर्भर महिलाएं प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था को गति देने में मददगार होंगी। उत्तर प्रदेश निर्धारित समय में ही वन ट्रिलियन इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करेगा।
कनेक्टिविटी की जिम्मेदारी लेगी प्रदेश की हुकुमत
सीएम ने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी जोर दिया। उन्होंने ने कहा कि टिकरी जंगल में ओपन सफारी व पार्वती-अरगा पक्षी विहार के इको टूरिज्म के रूप में विकसित हाेने से कमिश्नरी ही नहीं, पूरा अवध क्षेत्र विकसित होगा। कनेक्टिविटी की जिम्मेदारी सूबे की सरकार उठाएगी।
अब बदली है गोंडा की तस्वीर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोंडा की तस्वीर अब बदल चुकी है। पहले गोंडा देश का सबसे गंदा शहर था। उस समय विधायक प्रतीक भूषण मुझसे मिलने आए थे। तब हमने कहा था कि कैसी जगह से चुनकर आए हो लेकिन, आज परिस्थितियां बदल गईं हैं। आज गोंडा की रैंकिंग अच्छी आ रही है। सीएम ने वन टांगिया परिवारों के स्थिति पर भी चर्चा की।
2070 तक नेट जीरो का लक्ष्य
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2070 तक नेट जीरो का लक्ष्य दिया है। इसके तहत कार्बन उत्सर्जन न्यूनतम करना है। इसके लिए प्रदूषण की रोकथाम सहित अन्य उपाय किए जाने हैं। ग्रीन एनर्जी के उपयोग से हम इसे हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सार्थक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दस करोड़ परिवारों को निश्शुल्क सिलेंडर दिया गया है।
बीते आठ वर्षो में लगाए गए 210 करोड़ पौधे
उत्तर प्रदेश में आठ वर्षों के अंदर 210 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने गोरखपुर में स्थापित जटायु संरक्षण केंद्र की सराहना की। इसके पूर्व सीएम ने पार्वती-अरगा पक्षी विहार में प्रवासी पक्षियों को देखने के साथ ही विशेषज्ञों से जानकारी हासिल की। विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में प्रथम आने वालों को सम्मानित किया
85 रामसर फैक्ट बुक, पार्वती-अरगा एकीकृत प्रबंधन योजना व वन टांगिया संघर्ष से सशक्तिकरण पुस्तक का विमोचन किया। सीएम ने चित्रकला, क्विज प्रतियोगिता व नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा श्रद्धा मौर्या, आदिती लघोरी व हर्षिता सिंह को सम्मानित किया। इस दौरान गोंडा सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री कुंवर कीर्तिवर्धन सिंह ‘राजा भैया’ साथ-साथ रहे।

