प्रयागराज।महाकुंभ के मेला क्षेत्र में रविवार की दोपहर भीषण आग लग गई। तुलसी मार्ग पर स्थित सेक्टर 19 के रेलवे पुल के नीचे गीता प्रेस गोरखपुर के शिविर में लगी आग देखते ही देखते विकराल हो गई। आग लगने के बाद सिलेंडरों के फटने से आग एक से दूसरे शिविर की ओर बढ़ती गई। कुछ मिनटों में ही आग ने दर्जनों टेंटों को खाक कर दिया। यहां रखा गृहस्थी का सामान भी खाक हो गया। जिस दौरान नीचे टेंट में आग लगी पुल के ऊपर से ट्रेन भी गुजर रही थी। आग के बाद मची भगदड़ में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। छोटा सिलेंडर फटने से आग की बात कही जा रही है।

फिलहाल राहत की बात यही है कि कोई जनहानि नहीं हुई है। डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। यह भी कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है। प्रयागराज में ही मौजूद सीएम योगी ने भी आग का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाने और राहत कार्य में लगने का आदेश दिया। खुद मुख्यमंत्री भी मौके पर पहुंच गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर सीएम योगी से बात की और आग पर जानकारी ली है।
बताया जा रहा है कि सेक्टर 19 में गीता प्रेस,निर्मल बाबा और हनुमान सेवा समिति का शिविर था। गीता प्रेस वाले शिविर में सबसे पहले अचानक आग लगी। पता चला कि सिलेंडर लीक होने से आग लगी। कुछ लोगों ने किसी चिंगारी के कारण आग लगने की बात कही। आग के बाद सिलेंडरों को लेकर लोग बाहर की ओर भागते भी दिखाई दिए। मौके पर कुछ देर में ही सभी रेस्क्यू दल पहुंच गए। एनडीआरएफ भी मौके पर आ गई। शिविर के अंदर से लगातार हल्के हल्के विस्फोट की आवाजें आती रहीं। मौके पर एंबुलेंस भी बुला ली गई। मुख्य अग्निशमन शिविर से चार बड़ी फायर बिग्रेड और आठ बुलेट भी रवाना की गई है। मीडिया सेंटर से दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रवाना की गईं।
तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीआईजी वैभव कृष्ण भी मौके पर आ गए। बीएसएफ को भी बुलाया गया है। मेलाधिकारी और एसएसपी कुम्भ भी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने का प्रयास शुरू हुआ और करीब एक से डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। इस बीच केंद्रीय अस्पताल और एसआरएन अस्पताल को अलर्ट कर दिया गया। केंद्रीय अस्पताल में आठ बर्न के बेड भी बढ़ाए गए। केंद्रीय अस्पताल में 10 स्पेशल डॉक्टर बुला लिए गए। आग पर काबू पाने से सभी ने राहत की सांस ली है। अब यहां रहने वालों के लिए नए टेंट सिटी का इंतजाम किया जा रहा है।
राहत और बचाव कार्यों से प्रधानमंत्री को मुख्यमंत्री ने अवगत कराया
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से महाकुम्भ मेला क्षेत्र में आग लगने की घटना की पूरी जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्पूर्ण तथ्यों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुशल फायर ब्रिगेड एवं एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम द्वारा समय रहते आग पर काबू पाया गया। कोई हताहत नहीं हुआ है,किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुआ है। स्थिति नियंत्रण में है।
इविवि राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक भी आग बुझाने में लगे रहे
प्रयागराज। महाकुंभ में सेक्टर 19 तुलसी मार्ग स्थित शिविर में लगी भीषण आग को बुझाने इलाहाबाद विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक प्रो. राजेश कुमार गर्ग भी कुछ स्वयं सेवकों के साथ घटनास्थल पर तुरन्त ही पहुंच गए। प्रो गर्ग ने स्वयं सेवकों के साथ आग़ को बुझाने में काफी मेहनत की और आग पूरी तरह से बुझने तक घटनास्थल पर बन रहे।

