मनकापुर।सोमवार देर रात मनकापुर-दतौली मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई,जिससे बाइक चालक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,वहीं पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुँचाया जहाँ गम्भीर दशा में उसे जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार धानेपुर थानाक्षेत्र कस्बा निवासी 24 वर्षीय शुभम गुप्ता पुत्र अरविंद गुप्ता अपने साथी 33 वर्षीय रवि पटवा पुत्र ओम प्रकाश पटवा निवासी धानेपुर के साथ निजी काम के लिए फैजाबाद गए हुए थे,जहाँ देर रात वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे,तभी दतौली के रास्ते पर उनकी बाइक बनकसिया पेट्रोल पंप के कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरा गई।जिससे दोनों बाइक सवार सड़क किनारे गड्ढे में चले गए,राहगीरों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवक को सीएचसी मनकापुर पहुंचाया।जहाँ डाक्टर आलोक कुमार गुप्ता ने शुभम को मृत घोषित कर दिया,वहीं रवि पटवा को गम्भीर दशा में ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया।बताया जाता है दुर्घटना के बाद काफ़ी देर तक दोनों गड्ढे में पड़े रहे,जब उधर से गुज़र रहे राहगीरों ने बाइक पड़ी हुई देखी तब उन्हें किसी दुर्घटना की शंका हुई।सड़क के किनारे गड्ढे में जाकर देखा तो दोनों युवक पड़े हुए मिले।युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।घटना की सूचना पाकर घायल रवि का भाई संतोष पटवा अस्पताल पहुंचा।वही ठोड़ी देर बाद मृतक के परिजन भी रोते बिलखते हुए अस्पताल पहुँचे।इस बाबत डॉक्टर आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि दुर्घटना में लाए गए दो युवकों में एक युवक की मौत हो चुकी थी,वहीं एक की स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के उपरांत ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

