गुलाम जीलानी बेग
सादुल्लानगर/बलरामपुर।सादुल्लानगर बाजार में स्थित सर्राफा दुकान में चोरों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर वहां से लाखों के सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय पूरा इलाका सुनसान था। और आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

घटना का पता तब चला जब सोमवार सुबह दुकान मालिक अजय कुमार पुत्र राम सुन्दर निवासी गूमा फातमाजोत (जायसवाल मार्केट बाजार)अपनी दुकान खोलने आए। शटर टूटा देख उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को संदेह है कि घटना में किसी परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसने दुकान की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी चोरों को दी होगी। मौके पर सीओ उतरौला व थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह व फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आसपास व बाजार के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।पुलिस ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने आस-पास के सभी सर्राफा व्यवसायियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
व्यवसायियों में दहशत का माहौल
इस लूट की घटना के बाद से क्षेत्र के सर्राफा व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

