करनैलगंज,गोंडा।करनैलगंज- हुजूरपुर मार्ग पर ग्राम टिकौली के पास डीसीएम की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई बाइक पर पीछे बैठा दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज गोंडा के लिए रेफर किया गया जहां उसकी भी मौत हो गई। मृतक युवक की 17 नवम्बर को तिलक और 22 नवम्बर को शादी थी। जिसकी तैयारी के सिलसिले में दोनों युवक करनैलगंज बाजार आए थे। शुक्रवार की रात्रि करीब 10 बजे दोनों बाइक से अपने गांव वापस जा रहे थे।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम पिपरी रावत बैरमपुर निवासी सूरज गुप्ता (25) वर्ष व रोहित गुप्ता (24) वर्ष निवासी ग्राम टिकवार कोतवाली करनैलगंज दोनों युवक शुक्रवार की रात्रि करीब 10 बजे करनैलगंज बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर वापस जा रहे थे। उसी बीच करनैलगंज हुजूरपुर मार्ग पर ग्राम टिकौली के पास हुजूरपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आकर बाइक सवार सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा रोहित गंभीर रूप से घायल सड़क पर करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा। रास्ते से गुजरने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी। युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सिर पर चोट अधिक होने के कारण मौत बताई जा रही है। सूचना मिलने पर करनैलगंज प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने घायल रोहित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया। जहां मौजूद चिकित्सक डॉ.इमरान मोईद ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिसकी बाद में मृत्यु हो गई कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं दुर्घटना में शामिल डीसीएम को कब्जे में लेकर चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
दुर्घटना में मृतक युवक सूरज गुप्ता की 17 नवम्बर को तिलक व 22 नवंबर को शादी तय थी। जिसकी तैयारियों में सूरज लगा था। शुक्रवार की शाम को सूरज अपने होने वाले साले रोहित के साथ करनैलगंज बाजार गया था। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। सूचना मिलने के बाद करनैलगंज अस्पताल पहुंचे परिजनों की चीख चीत्कार से कोहराम मच गया। अस्पताल में भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। रात में ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।

