गोंडा।वजीरगंज-टिकरी मार्ग पर मंगलवार की देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। एक बाईक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिये अस्पताल ले जाते समय एक की मौत हो गई व दूसरे की हालत गंभीर है। मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के बक्चाही करनीपुर निवासी ज्ञानचन्द्र यादव पुत्र श्रीराम यादव (50) गाँव के ही सुजीत पुत्र इन्द्र (24) के साथ अपनी स्प्लेंडर बाईक से वजीरगंज बाजार कुछ सामान लेने आया था। वह देर शाम सामान लेकर घर वापस जाते समय टिकरी रोड पर छाँगुर पुरवा स्थित अपने सड़क वाले घर जा रहा था। घर के मोड़ के सामने से एक दूसरी बाइक पर सवार अज्ञात व्यक्ति की बाईक से आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में ज्ञानचंद्र व सुजीत गंभीर रूप से घायल हो गये। बाइक सवार घटनास्थल पर ही बाइक छोड़कर भाग गया। घटनास्थल पर पहुंचे आसपास के लोगों की मदद से परिजनों ने दोनों घायलों को लेकर आनन-फानन में जिला चिकित्सालय जा रहे थे। अभी डुमरियाडीह के पास पहुंचे ही थे कि ज्ञानचन्द्र ने दम तोड़ दिया। घायल साथी सुजीत का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो बाईकों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले लाई। और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिये जिला मुख्यालय भेजा है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर जाँच की जा रही है।
बेटे के लिए सामान लेने गया था
ज्ञानचन्द्र यादव का बेटा श्रवण कुमार (23) मेरठ विश्वविद्यालय में बीएससी ए०जी०की काउंसलिंग के लिये बुधवार को जाना था। उसी के लिये कुछ जरूरी सामान लाने ज्ञानचंद वजीरगंज बाजार गया था। बाजार से घर लौटते समय हादसे में उसकी जान चली गई।
मंगलवार की देर रात हुये हादसे में अपनी जान गँवाने वाला ज्ञानचन्द्र की पत्नी सीमा व अन्य परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों की चीत्कार से पूरे गाँव में मातम छाया हुआ है।

