मुश्ताक अहमद
गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के भट्ठा परेड गांव निवासी दो युवकों की शुक्रवार की भोर में चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गयी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे दोनों के शवों को अलग अलग स्थानों पर फेंककर फरार हो गए। सुबह एक युवक का शव मेडिकल कालेज के पीछे वहीं दूसरे का शव छिटनापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पड़ा मिला। दोनों मृतकों के शरीर पर धारदार हथियार से मारने के निशान पाए गए हैं। दोनों मृतक एक ही गांव के हैं और रिश्ते में चाचा भतीजा हैं। हत्या की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नगर कोतवाली पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर एसपी विनीत जायसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात की जानकारी ली। एसपी ने वारदात के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई है।

नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के भट्ठा परेड गांव के मजरा बंदरहवा निवासी उपेन्द्र कुमार पाण्डेय व दीपक पाण्डेय रात में अपने घर पर सो रहे थे। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की भोर करीब 3 बजे दीपक के मोबाइल पर किसी ने फोन किया। फोन आने के बाद वह बाइक लेकर घर से निकल लिया। दीपक के साथ उसके गांव का 22 वर्षीय विजय कुमार बब्बन पाण्डेय भी था। सुबह विजय कुमार पांडेय का शव मेडिकल कालेज के पीछे झाड़ियों में पड़ा मिला तो गांव में हड़कंप मच गया।

परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। अभी पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर ही रही थी कि पता चला कि दीपक का शव छिटनापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पड़ा हुआ है। उसकी बाइक भी वहीं पर पड़ी मिली। एक ही गांव के दो युवकों की हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गयी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
नगर कोतवाली क्षेत्र का भट्ठा परेड गांव बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम का गांव है। शुक्रवार की सुबह घटना की सूचना मिली तो विधायक भी अवाक रह गए। उन्होने तत्काल एसपी से बात की और घटना के संबंध में जानकारी ली। विधायक ने इस घटना पर दुख जताया और परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया है।

