मोहम्मद इरफान
करनैलगंज,गोंडा।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कस्बा चौकी अंतर्गत सकरौरा पश्चिमी में पांच दिन से लापता सात वर्षीय किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना 10 अक्टूबर की है। सकरौरा निवासी रोशन अली की पुत्री शाहनुमा अपने घर से करीब ग्यारह बजे दुकान पर कुछ सामान लेने गई, दुकान से लौटते समय किशोरी लापता हो गई। परिवारीजनों ने काफी समय तक लड़की को ढूंढा लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चल पाया।

परिवारीजन थक हार कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाल करनैलगंज श्रीधर पाठक ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू करवाई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पांचवें दिन सकरौरा पश्चिमी के एक घर के पीछे बने टीन शेड से दुर्गंध आने लगी जिस पर लोगों ने देखा तो वहां शाहनुमा का शव पड़ा मिला। जो कि मृतक बालिका के घर से लगभग तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित है।

शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल श्रीधर पाठक ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेजा है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है और घटना की जांच में जुटी हुई है। मृतक बालिका के पिता रोशन अली ने बताया कि इससे पहले हमारा परिवार ग्राम नगवा कला के मजरा पवारन पुरवा में रहता था वहाँ मेरे तीन बेटों की एक एक करके मृत्यु हो गयी इसलिये हमने यहाँ जमीन खरीदी और छप्पर का घर बनाकर दो महीने पहले यहाँ रह रहे हैं। इस वीभत्स घटना से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। लोगों की मानें तो जिस जगह घटना हुई है वहाँ जुआरियों का जमावड़ा हमेशा लगता रहता है।

