गोंडा।जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को मेहनौन विधानसभा क्षेत्र की ये खस्ता हाल सड़कें उनके विकास की गाथा याद करा रहीं हैं। यहां करीब आधा दर्जन से अधिक मार्गो की दुर्दशा अपनी बदकिस्मती को कोस रही है। बड़े-बड़े गड्ढे उजड़ी गिट्टियां तों वहीं कुछ सड़कें कच्चे मार्ग में तब्दील हैं जो आने जाने वाले लोगों के जान की दुश्मन बनी हुई हैं।जिसको लेकर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की निरंकुश कार्य शैली से काफी नाराजगी है।

आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार करने का जमकर नारा लगाया। इटियाथोक के विशुनपुर तिवारी मजरे पांचू पुरवा होते हुए लखनीपुर मार्ग को जोड़ने वाली खस्ताहाल सड़क की ओर देखने वाला कोई नहीं है। बरसात के समय इसकी स्थिति नारकीय बन जाती है। यहां बड़े-बड़े घासों के बीच खतरनाक गड्ढे राहगीर सहित छात्र-छात्राओं के लिए मुसीबत बने हुए हैं।आफत अली,आज्ञाराम,शालिक राम,बेकारू वर्मा सहित अन्य लोगों के साथ भारी संख्या में महिलाएं शनिवार सुबह करीब 8 बजे सड़क पर उतरकर रोड नहीं तो वोट नहीं व आगामी विधानसभा में मतदान बहिष्कार करने का जमकर नारा बुलंद किया।
जनप्रतिनिधियों व उच्चाधिकारियों की निरंकुश कार्य शैली से लोग बेहद नाराज दिखे। मीडिया कर्मियों को बताया कि इस मार्ग से हजारों की आबादी प्रति दिन गुजरती है। तबीयत बिगड़ने पर मरीजों को चारपाई पर लिटाकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। जगह-जगह गड्ढे और गड्ढे में जमा बरसाती पानी राहगीर सहित छात्र-छात्राओं के लिए मुसीबत बना हुआ है। आक्रोशित लोगों ने बताया कि आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव में हम लोग वर्तमान शासन सत्ताधारियों का विरोध कर मतदान बहिष्कार करेंगे।
योगी सरकार गड्ढा मुक्त अभियान का दावा कर रही है तो वहीं दूसरी ओर मेहनौन विधानसभा क्षेत्र की यह हकीकत विकास कार्य से बिल्कुल जुदा है। क्षेत्र के सड़कों की जांच कर उसे ठीक कराना जरूरी है।

