गोंडा।तरबगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत पथार में भेड़िए ने एक नौ वर्षीय बच्चे पर हमला कर लहूलुहान कर दिया है। भेड़िए के हमले से उसके हाथ व सिर में घाव है। परिजन व ग्रामीणों ने बच्चे के चिल्लाने पर लाठी डंडे से हमलावर होकर भेड़िए को भगाया जिससे बच्चे की जान बची। सूचना पर पहुंची पुलिस व वनविभाग की टीम ने लोगो को समूह मे लाठी डंडे के साथ निकलने की सलाह दी है।

शुक्रवार की रात 08 बजे पथार गांव के मजरा रंगधार पुरवा में सुंदरम (09) पुत्र स्व० किशन कुमार के छप्पर के नीचे छुपकर बैठे किसी हिंसक जानवर ने हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ व सिर में घाव है। जानवर ने बच्चे पर हमला उसके दरवाजे पर आकर किया, उसके चिल्लाने पर दौड़े उसके सौतेले पिता भल्लर व गांव के समीउल्ला ने लाठी डंडे से भेड़िए पर हमला कर बच्चे की जान बचाई।
भेड़िए ने लड़के को घसीटकर घर से 150 मीटर तक ले जा चुका था, लड़के के चिल्लाने से गांव के लोगो ने हिंसक जानवर पर लाठी-डंडे से हमला बोला। हमले से भेड़िया बच्चे को छोड़कर पास के खेतों की तरफ भाग गया। ग्रामीण समीउल्ला की मानें तो हिंसक जानवर भेडिया ही था। बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज लाया गया जहां इलाज के बाद बच्चे को घर भेज दिया गया।सूचना पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि भेड़िए ने इसके पहले खजुरी टेपरा निवासी रिजवान (16) पर भी हमला किया था लेकिन बचाव करने पर भाग निकला। वहीं क्षेत्र में भेड़िये की दस्तक की आशंका को लेकर ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीण रात भर जागकर रखवली कर रहे हैं।
रेंजर ज्योतिर्मय शुक्ला ने बताया है की सूचना पर वन विभाग की टीम भेजकर जांच कराई जा रही है। पग चिन्हों से जानवर की पहचान की जा रही है साथ ही लोगों को सजग रहने को कहा गया है। लोग समूह में निकलने के साथ ही हाथों में लाठी डंडे व टॉर्च लेकर चलें।

