श्रवण कुमार
मनकापुर,गोण्डा।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर इन दिनों बाइक स्टैंड बना हुआ है।अस्पताल कर्मचारी अपने वाहनों को परिसर में बेतरतीब खड़ा कर देते हैं,जिससे मरीजों व तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनकापुर संसाधनों के अभाव से जूझ रहा है। यहां ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक हर जगह अव्यवस्था फैली हुई है।

इन दिनों अस्पताल परिसर में खड़ी गाड़ियों की वजह से अस्पताल कम बाइक स्टैंड ज्यादा लग रहा है। अस्पताल में ओपीडी के बगल,अस्पताल के अंदर,गैलरी, दूसरी मंजिल तक जाने के लिए सीढ़ियों तक पर अस्पताल के कर्मचारी अपनी गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। जिससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों व तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार तो गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी रुम तक ले जाते वक्त रास्ते में खड़ी गाड़ियां हटानी पड़ती हैं। वहीं मरीजों को स्ट्रेचर से लाने ले जाते समय भी खतरा बना रहता है। बताया जाता है कि अस्पताल में वाहन स्टैंड न होने से अस्पताल कर्मचारी अपनी बाइक अंदर लाकर खड़ी करते हैं। वहीं अस्पताल से आए दिन स्टाप व तीमारदारों के वाहनों की चोरी की घटनाएं भी होती रहती हैं। अस्पताल कर्मियों का कहना है कि बाहर गाड़ी खड़ी कर देने से वाहनों के चोरी होने का खतरा रहता है। इसलिए वह अपनी गाड़ियां अस्पताल परिसर में लाकर खड़ी करते हैं।

