मुश्ताक अहमद
गोंडा।वजीरगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत सहिबापुर निवासी 7 सितंबर 1987 को पंजाब के तरनतारन में आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवान जगप्रसाद के शहीद दिवस पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल अमेठी ने शनिवार को शहीद के आवास पहुँचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनकी पत्नी कलावती का अभिवादन किया।

पत्नी की मांग पर अगली पुण्यतिथि से पहले शहीद जगप्रसाद की प्रतिमा व उनके गांव जाने वाली सड़क पर तोरण द्वार बनवाने की घोषणा की गयी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस के डारेक्टर जरनल अनीस दयाल सिंह आईपीएस ने शहीदों के शहीद दिवस पर उनके गांव में परिवार जनों संग उन्हें श्रद्धांजलि देने का निर्देश दिया है। जिसके क्रम में सीआरपीएफ अमेठी यूनिट के डीआईजीपी राजेंद्र प्रसाद पांडेय के मार्गदर्शन में असिस्टेंट कमांडेंट अभिषेक मिश्र 20 जवानों के दल के साथ शनिवार को शहीद के गांव सहिबापुर पहुँचे। जवानों ने परिवार व गांव वालों के साथ शहीद जगप्रसाद को श्रद्धांजलि दी। मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए असिस्टेंट कमांडेंट अभिषेक मिश्र ने कहा कि जगप्रसाद का जन्म सहिबापुर में 1अगस्त 1952 को हुआ था। 10 नवम्बर 1974 को इन्होंने सीआरपीएफ के सिपाही पद पर कार्य शुरू किया। 7सितंबर 1987 को पंजाब के तरनतारन में आतंकवादी हमले में शहीद हो गए। सीआरपीएफ अपने जवान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके परिवार के साथ मजबूती के साथ खड़ी है, यही अहसास कराने हम सभी जवान आये हैं। पत्नी कलावती की मांग पर अगली पुण्यतिथि के पूर्व शहीद की प्रतिमा व तोरण द्वार बनवाने का आश्वासन दिया गया। शहीद जगप्रसाद की दो लड़कियां मंजू और संजू हैं। वर्तमान में उनकी बड़ी बेटी मंजू सीआरपीएफ में ही नागपुर में उपनिरीक्षक पद पर कार्यरत है, जबकि दामाद नागेश यादव निरीक्षक हैं,छोटी बेटी अयोध्या में शिक्षिका हैं।श्रद्धांजलि देने वालों में उपनिरीक्षक सियाराम यादव,एएसआई अच्छेलाल, हवलदार बृजबिलास सिंह,दिनेश मिश्र सहित 20 जवान शामिल रहे।प्रधान प्रतिनिधि शिवपूजन सिंह ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर अवध केसरी सेना के अध्यक्ष नीरज सिंह,ढोढ़ियापारा ग्राम प्रधान दुर्गेश कुमार सिंह ‘अंकुर सिंह’ अम्बिका प्रसाद यादव, इंदरप्रसाद, आरएस यादव समेत तमाम लोगों की मौजूदगी रही।

