इमरान अहमद
गोंडा।टेली लॉ जरूरतमंदों को कानून की जानकारी देने व कानूनी सहायता प्रदान किये जाने का एक बेहतर माध्यम है। इसके माध्यम से लोगों को व्यर्थ की मुकदमेबाजी और आर्थिक अपव्यय से भी बचाया जा सकता है। उक्त बात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज दानिश हसनैन ने विकास भवन सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में टेली लॉ विषय पर आयोजित जागरुकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा। टेली लॉ की कार्ययोजना और प्रक्रिया पर टेली लॉ के स्टेट कोआर्डिनेटर वागीश सिंह ने विस्तार से बताया।
श्री हसनैन ने कार्यक्रम में मौजूद सभी जनसेवा केंद्र संचालकों को आनलाइन पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। कार्यक्रम में मौजूद चीफ एलएडीसी विनोद कुमार सिंह ने डिफेंस काउंसिल सिस्टम के बारे में विस्तृत से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन टेली लॉ पैनल के अधिवक्ता अविनाश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर डीडीओ सुशील श्रीवास्तव,जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्या,अपर जिला पंचायत राज अधिकारी गोवर्धन दास जैन,डिप्टी एलएडीसी अनिमेष चतुर्वेदी,असिस्टेंट एलएडीसी बृज लाल तिवारी व प्रभात श्रीवास्तव,सीएससी के जिला प्रबंधक सुनील तिवारी समेत जिले के सैकड़ों जनसेवा केंद्र के संचालक मौजूद रहे।

