परसपुर,गोण्डा।स्थानीय थाना क्षेत्र के अन्तर्गत नगर पंचायत परसपुर के राजाटोला साईं तकिया निवासी एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला है।बताया जाता है कि युवक इंडियन गैस का डिलेवरी करता था।उसके ऊपर गैस एजेंसी पर चोरी के आरोप लगा था,जिससे वो आहत था।गैस एजेंसी प्रबंधक ने उसकी पिटाई करने की धमकी दी थी।
नगर पंचायत परसपुर के राजाटोला साईं तकिया निवासी युवक अपने घर के एक कमरे में दुपट्टे के सहारे छत के हुक से रविवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। परिजनों का आरोप है कि गैस एजेंसी के प्रबंधक ने उनके बेटे पर रिफिल चोरी का आरोप लगाया था ।जिससे आहत होकर उसने मौत को गले लगा लिया । पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
राजाटोला साईं तकिया मोहल्ले निवासी दयालु बारी ने बताया कि उनका बेटा आनंद बारी उम्र 24 वर्ष परसपुर में इंडियन गैस एजेंसी पर डिलेवरी का काम करता था। वह रविवार को सिलिंडर की डिलेवरी करने के बाद घर लौटा और पत्नी पूनम को अपने कमरे से भगा दिया। पत्नी सास सुमन के कमरे में सोने चली गई। देर रात बेटे ने कमरे में छत के हुक से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। सोमवार की सुबह जब देर तक सोकर नहीं उठा तो कमरे का दरवाजा खटखटाया गया। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो कमरे की दीवार की एक ईंट निकालकर अंदर देखा तो बेटे का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़वाया। इसके बाद शव बाहर निकाला गया।
दयालु के मुताबिक उनका बेटा चार दिन पूर्व सिलिंडर की डिलेवरी करने गलिबहा गांव के एक व्यापारी के घर गया था। जहां उसने दो सिलिंडर पहुंचाया था।लेकिन उपभोक्ता ने गैस एजेंसी पर शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें एक ही रिफिल मिली है,जबकि दूसरा सिलिंडर खाली आया है।इसी बात को लेकर गैस एजेंसी प्रबंधक ने उनके बेटे को पिटाई करने की धमकी भी दी थी।बाद में गैस एजेंसी के प्रबंधक ने उपभोक्ता के घर पहुंचकर जांच की तो दोनों सिलिंडर भरे मिले जिस पर उपभोक्ता ने गलती भी स्वीकार कर ली थी।चोरी के आरोप से आहत होकर उनके बेटे ने खुदकुशी कर ली।इस संबंध में गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रवीण सिंह का कहना है कि आनंद ने दो सिलिंडर गलिबहा गांव के एक व्यापारी को चार दिन पहले डिलेवरी किया था।व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी।लेकिन मौके पर जांच के दौरान दोनों सिलिंडर भरे पाए गए।मामला निपट गया था,आनंद ने रविवार को काम भी किया था। पिटाई का आरोप निराधार है।
तीन भाईयों में बड़ा था आनंद
दयालु ने बताया कि उनके तीन बेटों में आनंद सबसे बड़ा था। मंझला बेटा मनोज लखनऊ में रहकर नौकरी करता है जबकि छोटा बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है।आनंद की चार साल पूर्व पूनम से शादी हुई थी।बताया कि आनंद ने पिछले दो दिनों से खाना नहीं खाया था और मानसिक तनाव में रहता था।
इस संबंध में थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि गैस एजेंसी संचालक पर परिजनों ने आरोप लगाया है,आनंद का पत्नी से भी विवाद हुआ था।आनंद के मोबाइल में कुछ रिकार्ड मिले हैं और मोबाइल फोन खंगाला जा रहा है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

