कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासिनी महिला ने गांव के ही एक युवक पर निकाह का झांसा देकर कई वर्षों से शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए जिले के उच्चाधिकारियों को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
पीड़ित महिला द्वारा दिये गये शिकायती पत्र में लिखा है कि उसके पड़ोस का ही निवासी एक युवक ने उससे शादी का झांसा दिया और पति-पत्नी की तरह रहने लगे। जिसकी जानकारी युवक के परिवार वालों को भी है। कुछ दिन पहले से उसके माता-पिता उस पर किसी अन्य युवती से जबरियन अलग निकाह करने का दबाव बनाने लगे।और अब वो युवक भी अपने मां-बाप के कहने पर उससे शादी न करके दूसरी युवती से शादी करना चाहता है। महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देते हुए युवक ने कई वर्षों से उसके साथ शारीरिक शोषण किया और उसका जीवन बर्बाद कर दिया। महिला का कहना है कि उसने स्थानीय कोतवाली सहित जिला स्तर के आला अधिकारियों को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है।और सीएम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। इस बाबत कोतवाल श्रीधर पाठक का कहना है कि युवती न तो थाने आई है और ना ही उसके द्वारा शिकायत की गई है। प्रार्थना पत्र मिलने पर जांचोपरांत उचित कार्यवाही की जाएगी।

