कर्नलगंज,गोण्डा।कटरा बाजार थाना क्षेत्र की ग्राम छिटनापुर कोरियन पुरवा में शनिवार की सुबह एक विवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। मृतका के मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कर उसे पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। महिला के मौत की सूचना पर क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सोनहरा के शिवनाथ की लड़की पूनम उम्र करीब 24 वर्ष का विवाह वर्ष 2021 में छिटनापुर निवासी रामसेवक के बेटे अभिमन्यु के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन चली आ रही थी। और आए दिन दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। इसी विवाद के चलते पूनम ने शुक्रवार की रात अपने कमरे में फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। शनिवार की सुबह उसका शव फंदे से लटकता मिला तो गांव में तहलका मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में गांव के लोग जुट गए। परिवार के लोगों ने उसकी जानकारी मृतका के मायके वालों को दी। मायके वालों की सूचना पर कटरा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतार कर उसे पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज नित्या गोस्वामी व फॉरेंसिक टीम मौके मौके पर पहुंची। और घटना की जांच पड़ताल की। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर जिला मुख्यालय के लिए भेजा गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

