इमरान अहमद
मनकापुर।इन दिनों भीषण गर्मी में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है।यहां इमरजेंसी के नाम पर अंधाधुंध विद्युत कटौती की जा रही है।आलम यह है कि एक दिन में कई बार लाइन ट्रिप की जाती है,और घंटों तक आपूर्ति बाधित रहती है।इससे ना सिर्फ जनजीवन बेहाल है,बल्कि अघोषित कटौती से हाहाकार मचा हुआ है।
सूबे की योगी सरकार प्रदेश के शहरी इलाकों में 24 घंटे व गांवों को 18 घंटे विद्युत आपूर्ति किए जाने का दावा कर रही है,मगर सरकार का यह दावा इन दिनों क्षेत्र में पूरी तरह हवा-हवाई साबित हो रहा है।शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातर हो रही बिजली की अघोषित कटौती से हाहाकार मचा हुआ है।
मनकापुर क्षेत्र में हो रही अंधाधुंध कटौती
मनकापुर क्षेत्र में दिन-रात मिलाकर बमुश्किल कुछ घंटे की विद्युत आपूर्ति मिल पा रही है,जिससे बिजली के अभाव में उमस भरी गर्मी के चलते जनजीवन तो बेहाल है ही,साथ ही बिजली न होने के कारण छोटे-बड़े उद्योग धंधे भी ठप्प हैं।
केन्द्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह का गृह क्षेत्र है मनकापुर
मनकापुर क्षेत्र केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया का गृह क्षेत्र होने के कारण इसे वीआईपी क्षेत्र माना जाता है फ़िर भी यहां जिम्मेदार अधिकारी अपनी आंखें बंद करके तमाशा देख रहे हैं,जबकि उपभोक्ता बेहाल हैं।यहां भयंकर गर्मी में भी बिजली गुल रहती है।लापरवाह अधिकारियों के चलते जनता गर्मी का सितम झेल रही है।लोगों का कहना है की शिकायत करने पर अधिकारी जवाब भी नहीं दे पा रहे हैं।बिजली कटौती से क्षेत्र के लोग इस भीषण गर्मी में बिलबिला रहे हैं।दिन तो दिन रात में बिना बिजली के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल की समस्या,कुटीर उद्योग व व्यापारियों का काम होता है प्रभावित
यही नहीं बिजली न रहने से पेयजल की भी समस्या उठ खड़ी हो जाती है।साथ ही इस क्षेत्र के छोटे-छोटे कुटीर उद्योगों के लिए भी बिजली का न होना उनके अस्तित्व पर ही सवालिया निशान लगाने लगते हैं।बहरहाल बिजली के बाधित होने से जनजीवन पर जहां व्यापक असर पड़ रहा हैं वही तमाम शिकायतों के बाद संबंधिता अधिकारी व्यवस्था को सुचारू करने को लेकर सक्रिय नहीं हो रहे हैं।

