कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक तालाब में मछली का शिकार करने गया 25 वर्षीय युवक का तालाब में उतराता हुआ शव मिला है। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।

घटना कर्नलगंज कोतवाली के मोहल्ला सकरौरा स्थित वार्ड नंबर 17 (गोड़ियन पुरवा) का है। शनिवार की शाम को सुनील कुमार 25 वर्ष पुत्र बब्लू जाल लेकर तालाब में मछली का शिकार करने गया था। देर रात बीत जाने पर भी वो घर वापस नही लौटा तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। लेकिन उसका कहीं पता नही चल पाया। दूसरे दिन सुबह होते ही सकरौरा घाट के पास एक तालाब में शव मिलने की खबर मिली जब परिजन वहां पहुंचे तो सुनील कुमार का शव पानी में उतराता मिला, मछली पकड़ने वाला जाल उसके पैर में फंसा था। प्रत्यक्षदर्शियो के मुताबिक उसका कपड़ा व चप्पल तालाब के किनारे पड़ा मिला। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाया और पंचनामाकर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने कहा कि मृतक युवक के शव का पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।

