गोंडा।तेज रफ्तार सीरा लदा टैंकर बाइक सवार को टक्कर मार कर पलट गया। टैंकर के नीचे दबने से बाइक सवार की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टैंकर चालक को गंभीरवस्था में सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया गया।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी असगर अली (52) वर्ष मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से बाइक से कोल्हमपुर बाजार जा रहा था कि किसुनदासपुर -कटरा भोगचंद मार्ग पर शाहपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित हो गया और असगर अली के बाइक में टक्कर मार कर पलट गया। असगर अली की टैंकर के नीचे दबने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग व कोल्हमपुर चौकी पुलिस ने जेसीबी मंगवा कर टैंकर के नीचे दबे असगर अली के शव को बाहर निकलवाया। और टैंकर में फंसा चालक रमेश दूबे निवासी मनकापुर को गंभीर हालत में टैंकर से बाहर निकाल कर एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। परिजनों को असगर अली के मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी तराबुन निशा का रो- रो कर बुरा हाल है। मृतक के चार बेटे व तीन बेटियां हैं। बड़ा लडका उसमान 25 वर्ष मंगलवार को ही मुंबई जाने वाला था। और तीसरे नंबर का लड़का हैदराबाद में काम करता है।कोल्हमपुर चौकी इंचार्ज ने बताया कि टैंकर दतौली शुगर मिल से सीरा लाद कर आ रहा था।
टैंकर पलटने से उसमें लदा सीरा सड़क पर बिखर गया जिससे सड़क पर फिसलन हो गई। टैंकर पलटने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।चौकी पुलिस नें फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगवाकर पानी से सड़क को साफ कराया तब आवागमन चालू हो पाया है। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

