इटियाथोक,गोण्डा।पानी बरसने से लोगों को गर्मी से निजात तो मिली है। लेकिन पानी के जमाव से अब लोगों को एक भीषण समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है।
शिक्षा क्षेत्र इटियाथोक में कई परिषदीय विद्यालयों में जलभराव होने से छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी परेशान हैं। शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेहनौन का नजारा तलैया जैसा दिखा। विद्यालय परिसर जलमग्न होने से छात्रों की उपस्थिति कम रही। यही ही नहीं जितने भी छात्र उपस्थित रहे वो भी हलकान दिखे। यही हाल क्षेत्र के अन्य कई विद्यालयों में देखने को मिला।
बीआरसी केन्द्र इटियाथोक के ठीक बगल स्थिति प्राथमिक विद्यालय नयेगांव का भी नजारा किसी तलैया से कम नहीं दिखा। बरसात के पानी से जलभराव की समस्या बनी दिख रही है तो वहीं पुराने स्कूल भवनों के छतों से भी जल रिसाव की भी समस्या देखने को मिली है।पूर्व माध्यमिक विद्यालय मध्य नगर के छत का प्लास्टर टूटकर टुकड़ों में गिर रहा है।प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति बद से बद्तर है।वहीं बरसात से क्षेत्र के किसानों की स्थिति भी ठीक नहीं है।रोपाई के लिए तैयार धान की नर्सरी भी अब खराब होने की कगार पर है।कई किसानों के खेतों में जल जमाव होने की वजह से धान की रोपाई भी प्रभावित है।

