कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली पुलिस का एक और कारनामा सामने आया है। यहां एक गांव में मारपीट की गम्भीर घटना में मुकदमा दर्ज न करके पुलिस ने मामूली धाराओं में आरोपियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर खाना पूर्ति कर ली गई थी। घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान पांच दिनों के बाद मौत हो गई। इस मामले में मृतका के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों से सांठगांठ का आरोप लगाया है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मामला कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के अल्लीपुर गोकुला गाँव का है। बीते 9 जून को खेत की मेड़ को लेकर चाचा भतीजे में मारपीट होने लगी। बीच- बचाव कराने पहुंची महिला को उसके देवर ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शुक्रवार को पांचवें दिन इलाज के दौरान महिला की अस्पताल में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर महज खानापूर्ति कर ली गई थी। घायल महिला का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मृतका के बेटे रवीन्द्र कुमार ने कहा कि हमारे चाचा मेरे खेत में दो हाथ बढ़ाकर मेड़ बांध रहे थे। विरोध करने पर मारने पीटने लगे। हम वहां से भाग आए। खेत से घर पहुंचने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।जैसे ही वह घर पहुंचा तभी घर के सामने बैठे सुनील कुमार, संजय व जंगबहादुर उसके घर पर पहुंच कर घर में घुसकर उसे मारने लगे। जब घर के लोगों ने विरोध किया तो विपक्षी गणों ने लाठी डंडे से उनकी भी पिटाई कर दी। मेरी मां गंगोत्री देवी बचाने दौड़ी तो उनका पैर तोड़कर भाला मार दिया, मेरे हाथ में चोट लगी थी। हमें तथा मेरी मां को लेकर लोग कर्नलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए हम दोनों को रेफर कर दिया। यहां पर मां का इलाज चल रहा था। जहां शुक्रवार को पांचवे दिन उसकी मां की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में जंग बहादुर पुत्र प्रताप नारायण,संजय और सुनील पुत्रगण जंग बहादुर के विरूद्ध मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बताया जाता है कि इस मारपीट में रविंद्र कुमार, पिता छैल बिहारी मिश्र को भी चोट आई थी। मारपीट की घटना को अंजाम देते समय आरोपियों द्वारा पीड़ित रवीन्द्र कुमार व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस जमकर हो रहे मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है,पूंछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।

