गोण्डा।कामयाबी उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है। उपरोक्त पंक्तियों को चरितार्थ कर दिखाया है,कर्नलगंज क्षेत्र के एक किसान परिवार में पैदा हुए आयुष्मान शुक्ल ने। जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत की बदौलत स्वजनों और गुरुजनों के साथ ही पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। घर से दूर रहकर पढ़ाई करके टॉपर बन गए।
सोमवार को जारी हुए सीबीएसई बोर्ड की इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के हलधरमऊ ब्लाक अन्तर्गत ग्राम असरना (डेलईपुरवा) निवासी अनिल प्रकाश शुक्ल के बेटे आयुष्मान शुक्ल ने घर से सुदूर सिद्धार्थनगर जिले में रहकर पढ़ाई की और जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले के टॉपर बने। आयुष्मान सिद्धार्थनगर के गंगा नेशनल पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रहें हैं। बताते चलें कि आयुष्मान ने इससे पहले दसवीं की परीक्षा में भी जिला टॉप किया था। आयुष्मान की इस उत्साही कामयाबी पर सगे,संबंधियों,रिश्तेदारों, इष्ट मित्रों सहित क्षेत्रवासियों द्वारा शुभकामनाएं देने का क्रम जारी है।
इंजीनियर बनने की है मंशा।
शुरु से ही पढ़ाई के प्रति जागरूक और मेहनतकश रहे आयुष्मान की इंजीनियर बनकर देश सेवा की इच्छा है। वह इस वर्ष जेईई की प्रारंभिक परीक्षा भी पास कर चुके हैं।
इस मौके पर आयुष्मान शुक्ला को आकाश शुक्ला,कुशाग्र शुक्ला,सुभाष सिंह,शाश्वत सिंह,राजीव धर द्विवेदी,मनीष सिंह,सौरभ ओझा,सूरज ओझा,अजय मिश्र,सरोज शुक्ला,बलराम मिश्रा, बबलू मिश्रा,एमपी मौर्य, सहित अन्य तमाम लोगों द्वारा शुभकामनाएं देकर उत्साह वर्धन किया गया।

