विंध्यप्रकाश त्रिपाठी
नवाबगंज,गोंडा।तीर्थ क्षेत्र अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही राम लला के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं अब चैत्र मास की राम नवमी के पर्व पर तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को लेकर शासन-प्रशासन प्रशासन ने कमर कस ली है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाये रखने के लिए प्लान तैयार कर लिया है। सोमवार को कटरा शिवदयालगंज पंहुचे पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल ने जहां तैयारियों का जायजा वहीं जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
राम नवमी पर्व के दृष्टिगत 15 अप्रैल की दोपहर 02 बजे से 19 अप्रैल तक अयोध्या की ओर जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कुछ इस प्रकार रहेगा।
जनपद गोण्डा में निम्न मार्गों पर डायवर्जन निर्धारित किया गया है। गोरखपुर व संतकबीरनगर से आने वाले वाहन बांसी, मेहदावल, डुमारियागंज, उतरौला, गोण्डा, जरवल रोड़, रामनगर, मसौली, बाराबंकी होते हुए लखनऊ को जायेगें।बलरामपुर,बहराइच,गोण्डा,श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहन गोण्डा जरवल रोड से रामनगर, मसौली, बाराबंकी होते हुए लखनऊ को जायेगें। वहीं लखनऊ, बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को बाराबंकी से रामनगर, जरवल रोड, कर्नलगंज, गोण्डा होते हुए गन्तव्य हेतु डायवर्जन किया जा रहा है।
जनपद बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज गोण्डा की ओर डायवर्जन किया जायेगा।
गोण्डा की तरफ से नवाबगंज जाने वाले वाहनों को लकड़मण्डी से लोलपुर होते हुए बस्ती की ओर डायवर्जन किया जायेगा।
वहीं छोटे और हल्के वाहनों के लिए 16 अप्रैल की दोहपर 02 बजे सेे दिनांक 17 अप्रैल की रात्रि 12 बजे तक अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्जन कुछ इस प्रकार होगा। लखनऊ की ओर से आने वाले व गोण्डा, बलरामपुर, बस्ती की ओर जाने वाले वाहनों को नेशनल हाइवे-27 सोहावल (रौनाही फ्लाईओवर) से बाएं सर्विस लेन होकर बाएं से ढेमुआघाट से नवाबगंज होते हुए अपने गन्तव्य को जायेगें।
लोलपुर ओवरब्रिज नवाबगंज से अयोध्या की ओर आने वाले वाहनों को ओवरब्रिज चढान बस्ती की तरफ से व लोलपुर अण्डरपास से लकड़मण्डी, नवाबगंज की तरफ डायवर्जन किया जायेगा ।
लकड़मण्डी तिराहा शिवदयालगंज से अयोध्या की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा।
ऐसे भारी एवं माल वाहक वाहन जिन्हे गोण्डा से नवाबगंज होकर जनपद अयोध्या, बस्ती, सन्तकबीर नगर, गोरखपुर, अम्बेडकर नगर आदि को जाते है उन्हें पुलिस चैकी दर्जी कुआं से ही मोतीगंज-मनकापुर मार्ग होते हुए अपने गन्तव्य को प्रस्थान करेंगे।
जनपद बस्ती, संतकबीर नगर, गोरखपुर व अम्बेडकर नगर जाने हेतु 03 मार्ग निर्धारित किये गये है।
रुट 01-जो वाहन दर्जीकुआँ से डायवर्ट किये जायेंगे, उन्हें झिलाही रेलवे क्रासिंग होते हुए मनकापुर- उतरौला रोड, डुमरियागंज होकर अपने गन्तव्य को प्रस्थान करेंगे।
रुट-02-जो वाहन दर्जीकुआँ से मोतीगंज-मनकापुर मार्ग से डायवर्ट किये जायेंगे उन्हें मोतीगंज, मनकापुर-मसकनवाँ बाजार, बभनान होकर अपने गन्तव्य को प्रस्थान करेंगे।
रुट-03-जो वाहन दर्जीकुआ से मोतीगंज-मनकापुर मार्ग से डायवर्ट किये जायेंगे उन्हें आवश्यकता प्रतीत होने पर मनकापुर-कोल्हमपुर मार्ग होते हुए लोलपुर पुल की तरफ डायवर्ट कर जनपद बस्ती को प्रस्थान करेंगे ।
इसके अतिरिक्त यदि कोई वाहन दर्जीकुआँ पुलिस चैकी व वजीरगंज होकर नवाबगंज पहुँचते है उन्हें कोल्ड स्टोरेज तिराहा नवाबगंज से ही तरबगंज-परसपुर-कर्नलगंज होकर बाराबंकी के रास्ते अपने गंतव्य को प्रस्थान करेंगे ।
ऐसे वाहन जो थाना वजीरगंज क्षेत्र के है और उन्हें अयोध्या, बस्ती व अम्बेडकर नगर जाना है ऐसे सभी वाहनों को टिकरी मोड़ वजीरगंज से ही मनकापुर रोड डायवर्ट कर अपने गन्तव्य को प्रस्थान करेंगे।
इसी प्रकार जनपद बलरामपुर व श्रावस्ती से चलकर गोण्डा के रास्ते जनपद अयोध्या को जायेगें ऐसे सभी वाहनों को उतरौला-मनकापुर के रास्ते कोल्हमपुर होते हुए लोलपुर की तरफ डायवर्ट करेंगे।
यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए प्लान बी है तैयार
यदि नवाबगंज-तरबगंज व परसपुर मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है तो ऐसी दशा में रगडगंज पुलिस चैराहे (थाना तरबगंज) से ही वाहनों को गोण्डा शहर की तरफ डायवर्ट करेंगे ।
ऐसे भारी वाहन जो उतरौला-बलरामपुर से लखनऊ जाना चाहते है, उन्हें जानकीनगर पुलिस चैकी (थाना इटियाथोक) से ही डायवर्ट कर आर्यनगर, कटरा बाजार व कर्नलगंज होते हुए अपने गन्तव्य को प्रस्थान करेंगे। यह डायवर्जन गोण्डा शहर क्षेत्र में वाहनों के दबाव बढ़ने पर प्रभावी रहेगा।

