गोण्डा।पवित्र माह रमजान व होली त्योहार को देखते हुए इटियाथोक कोतवाली में सोमवार को सीओ सदर शिल्पा वर्मा की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इसमें साफ- सफाई से लेकर शांति व्यवस्था कायम करने की अपील की गई है। सीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी अराजकतत्व गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसके विरूद्घ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इटियाथोक कोतवाली प्रांगण में सोमवार को होली के मद्देनजर सीओ सदर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सीओ सदर ने कहा कि त्योहारों को सौहार्द और आपसी प्रेम के साथ मनाना श्रेयस्कर होता है। इससे समाज में सद्भाव और शान्ति कायम रहती है। कोई भी अवांछनीय तत्व अराजकता फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही होगी। उन्होंने होलिका दहन स्थलों पर किसी भी प्रकार की समस्या के संबंध में जनप्रतिनिधियों से जानकारी हासिल की। जनप्रतिनिधियों ने सीओ को बताया कि इटियाथोक कस्बा समेत विभिन्न गांवों के होलिका दहन स्थलों का स्थानीय पुलिस द्वारा सर्वे किया गया है तथा कहीं पर कोई वाद विवाद की स्थिति नहीं है।
प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी भड़काऊ व आपत्तिजनक पोस्ट न डाले और न ही उसको फॉरवर्ड करें। भ्रामक खबरों के फैलने से सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है और आपस में मनमुटाव की स्थिति पैदा होती है। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक का संचालन व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र जैन ने किया। बैठक में राजेश दूबे, महेंद्र जैन, मुजीबुर्रहमान, इबरार अहमद, जावेद शाह, विजय श्रीवास्तव, रवि चतुर्वेदी, अब्दुल रहमान उपस्थित रहे।

