गोन्डा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता अभियान के तहत एलईडी वैन का शुभारंभ राजधानी लखनऊ से किया गया। गोंडा जनपद में इस प्रचार वाहन का स्वागत हलधरमऊ ब्लाक के अंतर्गत प्राथमिक पाठशाला हलधरमऊ बालपुर में हर्षोल्लास के साथ किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने स्वयं जागरूकता वाहन के स्वागत के लिए उक्त पॉइंट पर मौजूद थे, साथ में मेजर राजेश द्विवेदी प्रधानाचार्य,शिक्षक रामरेखा सहित समस्त शिक्षक गण एनसीसी और स्काउट के छात्र-छात्राएं स्थानीय लोग ने स्वागत किया।
इसी क्रम में एलबीएस डिग्री कॉलेज चौराहे पर एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने डॉक्टर दिलीप शुक्ला एवं पवन सिंह के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता गायन, नुक्कड़ नाटक द्वारा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक किया। राजकीय इंटर कॉलेज पर एनसीसी और स्काउट के छात्रों ने स्लोगन और नारे के साथ गीत गाते हुए वैन का स्वागत किया। प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ मौजूद थे। पूज्य झूले लाल चौराहे के समीप राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक मतदान पर गीत प्रस्तुत किया। इसी क्रम में इटियाथोक बाजार में मतदाता वैन के द्वारा जनमानस को जागरूक किया गया। छेतौनी आर्य नगर बाजार में लोगों को जागरूक किया गया। अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक ने इस प्रचार वैन को बहराइच जनपद हेतु रवाना किया।

