वीरेंद्र सिंह सेंगर
जगम्मनपुर,जालौन।तीन जिलों की सीमा के पंचनद क्षेत्र से लकड़ी लादकर औरैया की ओर जा रही लोडर सहित दो युवकों को रामपुरा पुलिस की मदद से वन विभाग ने दबोच लिया है। दोनों लकड़ी माफिया पिछले एक साल से चोरी छिपे लकड़ी काटकर बेचते थे।
जिले की रामपुरा थाना क्षेत्र के पंचनद कंजौसा की ओर से जलाऊ लकड़ी लादकर जगम्मनपुर होते हुए औरैया की ओर जा रही लोडर UP 75 BT 1615 को वन विभाग के दरोगा व फॉरेस्ट गार्ड के साथ जगम्मनपुर चौकी पुलिस ने पकड़ कर दो युवकों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारियों की मिली भगत से रामपुरा क्षेत्र में जंगल की लकड़ी कटान का अवैध व्यापार बड़े पैमाने पर फल-फूल रहा है। यहां अनेक लकड़हारा ठेकेदारों के निर्देशन में पेट्रोल से चलने वाले सैकड़ो लकड़ी कटर मशीनों की घनघनाहट से यह जंगल गूंजता रहता है।
बुधवार की सुबह वन विभाग के आला अधिकारियों को किसी के द्वारा सूचना मिली कि पंचनद कंजौसा की ओर से जलाऊ लकड़ी (विलायती बबूल) से भारी लोडर UP 75 BT 1615 जगमनपुर की ओर आ रही है। सूचना के बाद वन दरोगा अमित कुमार ने जगम्मनपुर पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह वैस्य से लकड़ी से भरी लोडर पकड़ने की बात बताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जगम्मनपुर चौकी पुलिस ने त्वरित जुहीखा पुल के पहले लकड़ी से भरी उक्त लोडर को पकड़ कर दो लोगों को हिरासत में लेकर वन विभाग के दरोगा एवं फॉरेस्ट गार्ड को सौंप दिया। वन दरोगा अमित कुमार सिंह व वन विभाग के सिपाहियों ने लकड़ी से भरी लोडर व पकड़े गए दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही हेतु क्षेत्रीय कार्यालय बंगरा अपने साथ ले गए।

