गोण्डा।जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिशनपुर में शुक्रवार की सुबह एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से एक युवती की मौत हो गयी। बताया जाता है कि युवती पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक तरबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिशुनपुर निवासी भोला सिंह अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। शुक्रवार की सुबह निर्माणाधीन मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। छज्जा गिरने से भोला सिंह की बेटी ललिता सिंह उम्र करीब (23) वर्ष उसकी चपेट में आ गई और मलबे में दब गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी। बताया जाता है कि मृतका युवती पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थी।

