जिला संवाददाता: शरीफ अंसारी
निघासन खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। खेत के पास खेल रहे चार वर्षीय मासूम को तेंदुआ उठा ले गया। घंटों की तलाश के बाद देर रात उसका शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार नयापुरवा गांव निवासी उम्मेद अली अपनी पत्नी के साथ निबौरिया के आगे भट्ठे के पास स्थित खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे। उनके तीनों बच्चे पास ही खेल रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला किया और उनके चार वर्षीय बेटे दिलशाद को उठाकर जंगल की ओर भाग गया। परिजन कुछ समझ पाते उससे पहले ही मासूम आंखों से ओझल हो चुका था।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल बच्चे की तलाश शुरू कर दी। देर रात करीब एक बजे गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में बच्चे का क्षत विक्षत शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव रखकर विरोध जताया। मौके पर पहुंचे वन विभाग के उप क्षेत्रीय वनाधिकारी हरी लाल ने नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। मृतक के पिता उम्मेद अली ने बताया कि उनके तीन बच्चों में यह इकलौता बेटा था, जो बड़े ऑपरेशन के बाद पैदा हुआ था। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेंदुए के हमले का प्रतीत हो रहा है। विभाग की ओर से तत्काल दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। मौके पर वन विभाग और पुलिस की टीम देर तक डटी रही।

