लखीमपुर खीरी।योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिले का दौरा कर विकास,पुनर्वास और सामाजिक न्याय से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश से विस्थापित 331 हिंदू परिवारों को संक्रमणीय एवं असंक्रमणीय भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए,जिससे वर्षों से यहां रह रहे परिवारों को भूमि पर वैधानिक हक मिला। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को उनके पक्के घरों की चाबियां भी सौंपीं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि हर परिवार सम्मानजनक जीवन जी सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखीमपुर खीरी में अधिकार, आवास और विकास से जुड़ी योजनाओं का एक साथ लाभ मिलना सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाता है। इस मौके पर जिले में सैकड़ों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में थारू जनजाति के परिवारों तथा नदियों के भूमि क्षरण से प्रभावित पूर्वी उत्तर प्रदेश से आकर बसे परिवारों को भी भूमिधरी अधिकार पट्टे वितरित किए गए। इसे स्थायी पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस दौरान पलिया विधायक रोमी साहनी ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्रीय समस्याएं रखते हुए भावुक अंदाज में कहा, “महाराज जी आपके अलावा मेरा कौन है।” उन्होंने पलिया में रोडवेज बस स्टैंड और स्टेडियम निर्माण की मांग के साथ-साथ पलिया को जिला बनाए जाने की भी मांग उठाई।

विधायक ने कहा कि लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आमजन को परेशानी होती है। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, विधायक योगेश वर्मा, विधायक लोकेंद्र प्रताप, विधायक अमन गिरि, विधायक सौरभ सिंह सोनू, विधायक शशांक वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, विधायक मंजू त्यागी, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी व जिले के अधिकारी मौजूद रहे।

