गोण्डा।जिले में जीआरपी पुलिस का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आते ही हड़कंप मच गया। घर से परदेश कमाने निकले युवक पर जीआरपी पुलिस ने बर्बरता की सारी हदें पार कर प्रताड़ित कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसका इलाज जिला मेडिकल कालेज में चल रहा है। वहीं इस मामले में ट्रेन की चपेट में आए जीआरपी पुलिस के एक सिपाही के पैर कट गए। जिसे आनन फानन में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।

बुधवार को रेलवे स्टेशन के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर युवक और जीआरपी पुलिस की झड़प ने एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। बताया जाता है कि उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के सिधोटी निवासी सुनिल कुमार पुत्र राजदत्त चौहान मेहनत मजदूरी के लिए मुम्बई जा रहा था। गांव के अन्य लोगों के साथ जब वह रेलवे स्टेशन पहुंचा तो वहां पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर जीआरपी पुलिस से उसकी कहासुनी होने लगी। युवक के परिजनों का आरोप है कि जीआरपी पुलिस ने जबरदस्ती कर युवक को मारते पीटते उसे जीआरपी थाने में ले आई। परिजनो ने बताया कि जब उसे छुड़ाने के लिए घर के अन्य सदस्य पहुंचे तो देखा कि पुलिस युवक की बेरहमी से पिटाई कर रही थी।

आरोप है कि पुलिस युवक के साथ थर्ड डिग्री का इस्तेमाल कर बुरी तरह से पिटाई कर रही थी। पिटाई से बचने के लिए युवक स्टेशन भागा। जहां युवक का पीछा कर रहा सिपाही ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं युवक भी गंभीर रूप से घायल है। जिसका इलाज जिला मेडिकल कालेज में जीआरपी पुलिस की देखरेख में चल रहा।

