अतीक राईन
मनकापुर,गोंडा।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के दतौली में संचालित बलरामपुर चीनी मिल की मनकापुर इकाई में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मिल में ड्यूटी के दौरान 51 वर्षीय एक कर्मी अचानक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बॉयलर के पास कर रहे थे काम
जानकारी के अनुसार देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी वीरेंद्र पांडेय (51) मिल में सीड क्रिस्टेलाइड ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। रविवार दोपहर करीब 4:00 बजे वह बॉयलर के समीप अपना काम कर रहे थे, तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें गिरता देख सहकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। मिल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद हालत नाजुक देखते हुए तत्काल उन्हें एम्बुलेंस से CHC मनकापुर भेजा, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों का इंतजार,जांच में जुटी पुलिस
इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. डी.के. भास्कर ने बताया कि कर्मचारी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं, मनकापुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शव को कब्जे में ले लिया गया है और मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

